आगरा से 500 किसान दिल्ली पहुंचे

- अन्य किसानों को रोकने को पुलिस की कड़ी नाकेबंदी
- अनेक किसान नेताओं को घरों में किया गया नजरबंद
- राजस्थान के रास्ते आगरा के किसान पहुंच रहे दिल्ली
राजस्थान की सीमा में प्रवेश कर आगरा के किसान लगातार दिल्ली बॉर्डर पर पहुंच रहे हैं। हालांकि पुलिस और प्रशासन ने किसान नेताओं को नजरबंद कर रखा है पर वे मोबाइल फोन से ही किसानों से संपर्क कर उन्हें दिल्ली की ओर रवाना कर रहे हैं। इधर पुलिस ने यमुना एक्सप्रेस वे और हाईवे पर जगह-जगह नाकेबंदी कर रखी है। दिल्ली की ओर जाने वाले लोगों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। इसके बावजूद आगरा से करीब 500 किसान दिल्ली के बॉर्डरों पर पहुंच चुके हैं। इनके साथ ट्रैक्टर भी हैं, जो कल (26 जनवरी) ट्रैक्टर परेड में शामिल होंगे।
कृषि बिल के विरोध में किसान लंबे समय से दिल्ली के बॉर्डरों पर डेरा डाले हुए हैं। सरकार के साथ कई दौर की वार्ता के बाद भी समस्या का हल नहीं निकल सका है। सरकार पर और अधिक दबाव बनाने के लिए किसानों ने 26 जनवरी यानि गणतंत्र दिवस पर दिल्ली की सड़कों पर टैक्टर परेड निकालने की घोषणा कर दी है। इसके लिए देशभर से किसानों का दिल्ली पहुंचना शुरू हो गया है।
टैक्टर परेड में शामिल होने के लिए आगरा से किसान नेता सोमवीर सिंह यादव अपने साथ दर्जनों किसानों के साथ गाजीपुर बॉर्डर पर पहुंच गए हैं। दिल्ली पुलिस ने ट्रैक्टर परेड निकालने की अनुमति दी पर यूपी सरकार ने किसानों को रोकने के लिए यमुना एक्सप्रेस वे पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया है। किसी को भी ट्रैक्टर लेकर यमुना एक्सप्रेस वे से नहीं जाने दिया जा रहा है।

प्रशासन ने किसानों को रोकने के लिए किसान नेताओं को नजरबंद कर दिया है। इसके बावजूद किसानों का दिल्ली जाना लगातार जारी है। किसानों ने दिल्ली जाने के लिए अब दूसरे रास्तों को खोज निकाला है। वे अब फतेहपुरसीकरी से भरतपुर के रास्ते दिल्ली जा रहे हैं। इधर हाईवे पर भी कड़ी चौकसी की जा रही है। आज सुबह चौ. रामवीर सिंह के नेतृत्व में किसान ट्रैक्टर से दिल्ली जाने की तैयारी में जुटे थे। समाचार लिखे जाने तक वहां पर पुलिस बल पहुंच गया था। संभवत: इन किसानों को दिल्ली जाने से पुलिस रोकेगी।