केनरा बैंक से लुटे थे 6.77 लाख

- मैनेजर की तहरीर पर पुलिस ने लिखा मुकद्मा, बदमाशों का सुराग नहीं लगा
- पुलिस की दनादन दबिशें, कई अन्य वारदातों के सीसीटीवी फुटेज से हुआ मिलान
इरादतनगर स्थित खेड़िया में केनरा बैंक से आठ नहीं 6.77 लाख रुपये लुटे थे। बैंक मैनेजर की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। बैंक लूटने वाले बदमाशों का सुराग नहीं लग सका है। पुलिस के पास तीन नाम हैं। कुछ युवकों को हिरासत में लिया गया है। यह बदमाश पिछले कुछ दिनों से उत्तर प्रदेश व राजस्थान सीमा पर सक्रिय थे। वारदातों को अंजाम देकर सीमापार कर जाते थे। पुलिस गैंग की तलाश में है।
सोमवार दोपहर अंजाम दी गई इस घटना में पुलिस के पास तीन नाम हैं। इन्हीं नामों के आधार पर पुलिस अपनी जांच आगे बढ़ा रही है। इन नाम वाले कुछ युवकों को उठाया भी गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। वहीं, पुलिस ने आधा दर्जन अन्य संदिग्धों को भी उत्तर प्रदेश व राजस्थान सीमा से हिरासत में लिया है। उसे कुछ जानकारियां मिली हैं, जिनके आधार पर पुलिस अपनी जांच आगे बढ़ा रही है।
पुलिस को पता चला है कि इस गैंग ने आगरा में कई वारदातों को अंजाम दिया है। आशंका है कि नवंबर माह में जगनेर के दहगवां स्थित ठाकुर फिलिंग स्टेशन पर भी इसी गैंग ने लूटकांड को अंजाम दिया था। यह पेट्रोल पम्प आगरा के मनोज जादौन का है। पुलिस के अनुसार बदमाशों का सीसीटीवी फुटेज, जब पम्प कर्मचारियों को दिखाया गया तो उन्होंने इन्हें पहचान लिया। इसी गिरोह ने काला महल पर भी एक युवक को गोली मार कर लूटपाट की थी। इस फुटेज में भी बदमाश दिख रहे थे। पीड़ित ने भी इन्हें पहचान लिया है। फिलहाल पुलिस इस गैंग की तलाश में है। एसएसपी बबलू कुमार ने बताया कि पुलिस गैंग के काफी करीब है, जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।