कोविशील्ड, को-वैक्सीन के डोज लगे

- जिले के 25 केंद्रों पर सुबह 10 बजे शुरू हुआ वैक्सीनेशन
- सबसे पहले डॉक्टर आगे आए, स्वास्थ्य कर्मी भी पीछे नहीं
कोल्ड चेन प्वाइंट से सुबह आठ बजे वैक्सीन वाहन रवाना किए गए। पुलिस सुरक्षा में वैक्सीन सुबह पौने नौ बजे सभी कोविड-19 टीकाकरण केंद्रों में पहुंच गई। इसके बाद वैक्सीन साइट पर तैनात स्वास्थ्यकर्मियों ने अपनी-अपनी व्यवस्थाओं को परखा। ठीक 10 बजे सभी सेंटर्स पर एक साथ टीकाकरण शुरू कर दिया गया। इस बार कोविशील्ड के साथ-साथ को-वैक्सीन भी लगाई जा रही है।
जिले में टीकाकरण का दूसरा राउंड आज सुबह शुरू हो गया। सबसे पहले डॉक्टर आगे आए। पूरे जोश के साथ उन्होंने अपनी बांह में वैक्सीन की डोज लगवाई। कहा कि 28 दिन बाद अगली डोज भी ऐसे ही लगवाएंगे। शुरूआत में कदम धीरे-धीरे पड़े, लेकिन एक बार जब सीनियर डॉक्टर्स को वैक्सीन लगवाते देखा तो स्वास्थ्यकर्मियों की झिझक जाती रही। एसएन मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पताल, लेडी लॉयल में डॉक्टरों ने टीके लगवाकर शुरूआत कराई। ऐसे ही अन्य कई केंद्रों पर डॉक्टरों के साथ-साथ स्वास्थ्यकर्मियों ने कदम बढ़ाए। पिछली बार 341 स्वास्थ्यकर्मियों को वैक्सीन लगी थी। एडवर्स इवेंट फॉलोइंग इम्युनाइजेशन (एईएफआई) का एक भी मामला दर्ज नहीं हुआ है। इसलिए इस बार उत्साह दोगुना था। पहले टीका लगवाने वाले लोगों ने इस बार काफी लोगों को प्रेरित किया है। हल्के बुखार और थकान के कुछेक मामलों के अलावा किसी को भी कोई दिक्कत नहीं हुई है। इसलिए इस बार सुबह से ही स्वास्थ्यकर्मी पूरे उत्साह के साथ वैक्सीन लगवाने पहुंच रहे थे। वेरीफिकेशन के बाद टीकाकरण कक्ष में भेजा जा रहा था। यहां वैक्सीन लगवाने के बाद 30 मिनट तक अंडर ऑब्जर्वेशन रखने के बाद ही लोगों को घर भेजा जा रहा था। टीकाकरण केंद्रों पर विशेषज्ञों की टीम मौजूद थीं। नोडल अधिकारियों के नंबर भी चस्पा किए गए थे, ताकि कोई दिक्कत होने पर संपर्क किया जा सके।
37 सत्रों में 3700 को लगेगी वैक्सीन
आज 25 बूथों पर वैक्सीन लग रही है। शाम तक 37 सत्र होंगे और 3,700 लोगों को डोज लगाई जाएगी। शहर में 10 और देहात में 15 बूथ बनाए गए हैं। वहीं जालमा संस्थान में को-वैक्सीन की डोज लगाई जा रही है। कोवैक्सीन की 480 डोज लगाई जाएंगी। इसके लिए सुबह 48 बाइल संस्थान में पहुंचा दी गई थीं। हर सत्र में 100-100 लोगों को टीकाकरण के लिए बुलाया गया है। स्वास्थ्य अधिकारियों की टीमें सुबह से केंद्रों पर मौजूद थीं। पूरी निगरानी में टीकाकरण का कार्य किया जा रहा था। हर केंद्र पर 11-11 बाइल पहुंचाई गई हैं। वैक्सीन की डोज खराब न हो इस बात का ध्यान रखा जा रहा है।