किसानों ने की भूख हड़ताल

नये कृषि बिलों के विरोध में किसान लामबंद होने लगे हैं। आगरा में भी इसकी चिंगारी सुलगने लगी है। जगह-जगह पंचायतें हो रही हैं। किसान नेताओं को बॉर्डरों पर जमे बैठे किसान नेताओं के अगले कदम का इंतजार है। किसानों ने किरावली में किसान आंदोलन के समर्थन में भूख हड़ताल की।
किरावली में दिल्ली में आंदोलित संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर शनिवार को किसानों ने प्रदर्शन करते हुए भूख हड़ताल की। कस्बा स्थित चौधरी चरण सिंह प्रतिमा स्थल पर बुजुर्ग किसान देवी सिंह छौंकर की अध्यक्षता में धरना प्रदर्शन और सांकेतिक भूख हड़ताल आयोजित की गयी। धरना-प्रदर्शन को समाजवादी पार्टी ने भी अपना समर्थन दिया। इस दौरान किसान नेता चौधरी दिलीप सिंह, अर्जुन सिंह छोकर ,केएस चाहर, प्रदीप मुखिया ने संबोधित किया। किसानों का कहना है कि केंद्र सरकार उनके हितों पर कुठाराघात कर रही है। उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने के लिये लागू किये गये कानूनों को अभी तक वापस नहीं लिया गया है। राज्य सरकार किसानों के आंदोलन को कुचलना चाह रही है। किसानों के घरों पर रात्रि में पुलिस भेज कर धमकाया और डराया जा रहा है, लेकिन किसान पीछे नहीं हटेगा। जल्द ही सैकड़ों किसान दिल्ली बॉर्डर के लिए कूच करेंगे। भूख हड़ताल पर देवेंद्र शर्मा, डॉ केशव चाहर,अजीत सिंह, नरेश, सावित्री ,गुडिया, रणबीर सिंह, जगदीश सिंह, जितेंद्र कुमार,मुकेश बघेल आदि बैठे।
इधर गांव बजेहरा में हनुमान मंदिर पर आयोजित पंचायत में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के अहिंसा के सिद्धांत पर चलकर आंदोलन को गति देने का संकल्प लिया गया। किसान नेताओं ने कहा कि केंद्र सरकार किसानों के धैर्य की परीक्षा ले रही है। किसान सरकार को मुंहतोड़ जवाब देने को तैयार है। सरकार को किसान नेताओं पर लगाए गये फर्जी मुकद्मे वापस लेने ही होंगे। यदि सरकार नहीं मानी तो हर जिले में दिल्ली जैसा प्रदर्शन होगा। आगरा में बड़े आंदोलन की तैयारी चल रही है।
कृषि बिलों के विरोध में चल रही गांवों में पंचायत
किसान नेता श्याम सिंह चाहर ने इनर रिंग रोड में जमीन के मुआवजे में हुए घोटाले का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि इसमें सत्ता पक्ष के ऐसे नेताओं के नाम हैं, जिनके खुलने पर सत्ता हिल जाएगी। इसलिए इसे दबाया जा रहा है। पंचायत को किसान नेता सोमवीर सिंह यादव, भारत सिंह, मुकेश पाठक आदि ने भी संबोधित किया।
पंचायत में दाताराम तोमर, वीरेंद्र सिंह, लाखन सिंह, विशंभर सिंह, कमलेश कुमार, पृथ्वी सिंह, रामस्वरूप, महेश पाठक, जगदीश शर्मा, ताराचंद, सोनवीर, रामप्रकाश, फूल सिंह, भागीरथ, रामनिवास रघुवंशी, दुर्गाशंकर आदि मौजूद थे। पंचायत की अध्यक्षता भंवर सिंह ने की और संचालन रणवीर सिंह तोमर ने किया।