आगरा के छह कैडेट्स को राज्यपाल स्वर्ण-रजत पदक

आगरा एनसीसी के छह कैडेट्स को राज्यपाल स्वर्ण व रजत पदक से सम्मानित किया गया। गणतंत्र दिवस परेड में भाग लेने वाले उत्तर प्रदेश के कैडेट्स को उनकी ईमानदारी, एनसीसी में उनके योगदान एवं उपलब्धियों के लिए राज्यपाल आनंदी बेन पटेल द्वारा मेडल, प्रशस्ति पत्र तथा नगद राशि देकर सम्मानित किया गया। आगरा कॉलेज की कैडेट एसयूओ लक्ष्मी बसवराज को उत्तर प्रदेश की छात्रा वर्ग में सर्वश्रेष्ठ कैडेट घोषित किया गया। साथ ही उन्हें एनसीसी महानिदेशक प्रशंसा पत्र से भी सम्मानित किया गया। आगरा ग्रुप को उत्तर प्रदेश में प्रथम घोषित करते हुए एडीजी बैनर भी प्रदान किया गया, जिसे आगरा ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर मनोज मोहन ने लखनऊ में प्राप्त किया।
एक उत्तर प्रदेश वाहिनी के एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट अमित अग्रवाल ने बताया कि गणतंत्र दिवस परेड में उत्तर प्रदेश मुख्यालय से कुल 34 कैडेट्स ने प्रतिभाग किया था जिसमें आगरा ग्रुप के 12 कैडेट्स थे। सर्वाधिक आठ कैडेट्स एक उत्तर प्रदेश वाहिनी से थे। आठ में से छह कैडेट्स ने राज्यपाल पदक प्राप्त किया है।
लक्ष्मी बसवराज एनसीसी उत्तर प्रदेश की सर्वश्रेष्ठ कैडेट घोषित
आगरा कॉलेज की लक्ष्मी बसवराज को महानिदेशक प्रशंसा पत्र व राज्यपाल स्वर्ण पदक के अलावा आगरा कॉलेज की एसयूओ शिवानी परमार, सेंट जॉन्स कॉलेज की एसयूओ शिका, डीईआई के यूओ रितेश, आरबीएस कॉलेज के एसयूओ अजय सिंह को राज्यपाल स्वर्ण पदक व डीईआई के सार्जेंट वंश सोलंकी को राज्यपाल रजत पदक मिला है।
एनसीसी हाउस में आयोजित सम्मान समारोह में ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर मनोज मोहन, डिप्टी कमांडर कर्नल एसके पांडियन, कर्नल अजय मिश्रा, कर्नल मनीष अरोरा, कर्नल रोहित खन्ना, कर्नल धर्मेश यादव, ग्रुप कैप्टेन विजय यादव, लेफ्टिनेंट अमित अग्रवाल, लेफ्टिनेंट दिनेश लाल, लेफ्टिनेंट मनीष कुमार आदि मुख्य रूप से उपस्थित रहे।