मुंबई में मिलीं आगरा की समलैंगिक सहेलियां

- सप्ताह भर पहले रहस्यमय तरीके से गायब हुई थीं आगरा से
- मुंबई के युवक ने परिजनों को दी इनके वहां होने की सूचना
- रात में ही मुंबई के लिए रवाना हो गई हरीपर्वत थाने की पुलिस
वह पड़ोसनें हैं। दोनों में गहरी दोस्ती थी। घंटों तक कमरे में साथ रहती थीं। दोनों के परिजन उन्हें सहेली के रूप में देखकर इसे सामान्य रूप से लेते थे। पिछले दिनों ये दोनों ही सहेलियां अपने-अपने घरों से अपने सामान को लेकर गायब हो गयी। परिजनों ने हरीपर्वत थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस और परिजन दोनों की तलाश में जुटे ही हुए थे कि बीती रात उनके मुंबई में होने की जानकारी मिली। परिजनों के तो पैरों तले जमीन खिसक गई। पुलिस की मानें तो दोनों ही सहेलियां समलैंगिक हैं। इसी वजह से दोनों ही स्वेच्छा से आगरा से मुम्बई भागी थीं।
जानकारी के अनुसार वजीरपुरा के गिहार बस्ती की रहने वाली दो सहेलियां करीब सप्ताह भर पहले रहस्यमय परिस्थितियों में गायब हो गयी। परिजनों ने काफी तलाश की लेकिन दोनों के बारे में पता नहीं लगा। परिजनों ने हरीपर्वत थाने में गुमशुदगी दर्ज करा दी। पुलिस दोनों की तलाश में जुटी हुई थी। बीती रात एक लड़की के भाई के मोबाइल पर कॉल आया और बताया कि दोनों ही लड़कियां मुुंबई में हैं। उन्हें आकर ले जाएं। इस सूचना के बाद दोनों लड़कियों के परिजन पुलिस के पास पहुंचे। पुलिस ने जिस नंबर से फोन आया था, मुंबई में उस युवक से बात की। उसने पुलिस को जो कहानी बताई, उसे जानने के बाद तो सभी के होश उड़ गए। लड़कियों के बारे में सूचना देने वाले मुम्बई के युवक ने बताया कि दोनों लड़कियां यहां किराये पर कमरा लेकर रह रही हैं। दोेनों समलैंगिक हैं। उसने किसी प्रकार दोनों लड़कियों से उनके परिजनों का फोन नंबर लेकर कॉल किया है। पुलिस रात को ही लड़कियों को लेने के लिए मुंबई रवाना हो गई है।

एसएसपी के पास भी पहुंची थी सूचना
इस मामले में एसएसपी बबलू कुमार को भी जानकारी हो गई थी। उन्होंने हरीपर्वत इंसपेक्टर अजय कौशल को लड़कियों को जल्द बरामद करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि शिकायत मिल रही है कि मुम्बई तक आने-जाने का पुलिस खर्चा मांग रही है लेकिन इस बात पर इंसपेक्टर ने उन्हें सफाई देते हुआ बताया कि ऐसा कुछ नहीं हुआ है। पुलिस अपनी ही गाड़ी से जा रही है। परिजनों से कहा था कि अगर आप लोग चलना चाहो तो खुद के लिए गाड़ी कर लो।