शातिरों के पूरे गिरोह को बेनकाब करने में जुटी पुलिस

कंप्यूटर से कोरोना की नेगेटिव रिपोर्ट बनाने वाले शातिरों के पूरे गैंग को बेनकाब करने में पुलिस जुट गई है। पूछताछ में कई अन्य युवकों के नाम भी सामने आए हैं। पुलिस उनके ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। इनमें जाली मार्कशीट व अन्य जरूरी कागजात तैयार करने वाले लोग भी शामिल हैं।
मंगलवार दोपहर सिकंदरा पुलिस ने सेना में फर्जी कागजों के जरिए नौकरी पाने का प्रयास करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया था। यह आरोपी आनंद इंजीनियरिंग कॉलेज में चल रही सेना भर्ती में सेंध लगाने के प्रयास में थे। इन युवकों के पास से पुलिस को मोबाइल, लैपटॉप, कम्प्यूटर व अन्य सामान मिला है।
सेना भर्ती में सेंध का किया था प्रयास, पुलिस ने किया गिरफ्तार
यह युवक कोरोना की फर्जी रिपोर्ट तैयार कर सेना में भर्ती के इच्छुक युवकों को दे देते थे। फर्जी प्रमाण पत्र के आधार पर युवक सेना भर्ती में अपना दमखम दिखा रहे थे। पुलिस ने इस मामले में गिरफ्तार आरोपितों से गैंग के अन्य सदस्यों के नाम पते भी प्राप्त कर लिए हैं। उन पर भी शिकंजा कसा जा रहा है।
जगह बनाने को सुबह से फिर दौड़े युवा
सेना में भर्ती होने के लिए आज सुबह से फिर युवाओं ने दौड़ लगाई। सैकड़ों युवा इस दौड़ में शामिल हुए। सुबह साढ़े पांच बजे से ही युवाओं ने सेना में जगह पाने के लिए मशक्कत करनी शुरू कर दी थी। मंगलवार को पकड़े गए गैंग के बाद बहुत ही बारीकी से चेकिंग की जा रही थी। सेना के जवानों के अलावा पुलिस भी मुस्तैद थी। दौड़ में अपनी जगह बनाने वाले युवाओं के कागजातों को भी चेक किया जा रहा था।